फतेहाबाद/विकास मैहता. एक तो वर्दी का नशा और ऊपर से शराब का सुरूर। फिर हंगामा कैसे न बरपे। वार्ड नं. 9 के मस्जिदवाला मोहल्ला में बीती रात करीब 11 बजे शराब के नशे में मदहोश एक पुलिस कर्मी प्रीतमपाल ने जमकर हंगामा किया और मोहल्लावासियों के विरोध करने पर गाली गलोच भी किया। इतना ही नहीं पुलिस कर्मी शराब के नशे में इतना धुत था कि वह अपना मोटरसाइकल और वायरलेस सेट भी मौके पर भूल गया। मोटरसाइकिल व वायरलेस सेट को लेकर दर्जन मोहल्लावासी थाना शहर में पहुंचे और उक्त पुलिस कर्मी की शिकायत की और उसे सस्पेंड करने की मांग करने लगे। थाने में पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक शमशेर सिंह दहिया ने मोहल्लावासियों को उक्त पुलिस कर्मी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और उन्हें शांत किया। आज प्रात: पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए और मोहल्लावासी विजय कुमार, भीमसेन, भारतभूषण, जोधा राम, सुरेश, सतीश, घनश्याम, आशा, विमला, शशि, सीता बाई, धर्मी देवी आदि की शिकायत पर उक्त पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया।
No comments:
Post a Comment