Wednesday, April 20, 2011

व्यापार एवं वाणिज्य केंद्र बनेगा टोहाना

चंडीगढ़. जिले के टोहाना कस्बे को व्यापारिक व वाणिज्यक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा तथा यहां रहने वाले लोगों को विभिन्न प्रकार की मूलभूत सुविधाओं के साथ अन्य सुविधाएं भी जल्द ही उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह बात मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगर योजनाकर विभाग की समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में टोहाना के 2 लाख 18 हजार लोगों के लिए 2031 ई. तक के लिए विकास योजनाओं के प्रारूप को स्वीकृति दी गई। योजनानुसार जाखल-नरवाना रेलवे लाईन के साथ औद्योगिक विकास के लिए दो सैक्टर बनाए जाएंगे। यह ड्राफ्ट प्लान कुल 4293 एकड़ में बनाया जाएगा, जिसमें से 2152 एकड़ का आवासीय प्रयोग किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक एकड़ पर 100 लोगों के लिए आवास बनाए जाएंगे, जबकि 190 एकड़ को वाणिज्यक, 338 एकड़ को औद्योगिक, 583 एकड़ को परिवहन व संचार, 192 एकड़ क्षेत्र को सार्वजनिक कार्य के लिए प्रयोग किया जाएगा तथा शेष 608 एकड़ क्षेत्र को खुला रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त 230 एकड़ क्षेत्र पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान, गंदे पानी के निष्कासन, बिजली सबस्टेशन, सोलिड वेस्ट डिस्पोजल तथा जलघर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही सैक्टर के बाहर योजना के तहत 50 मीटर ग्रीन बैल्ट के सहित 75 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त कैनाल के साथ-साथ 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने की भी योजना शामिल है। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव छतर सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter