विकास मैहता
फतेहाबाद. उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत और शहर में बढ़ रही कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। पिछले एक हफ्ते में उपमंडलाधीश बलजीत सिंह ने तीन गैस एजेंसियों पर छापामार कार्रवाई की है। उन्होंने आज मॉडल टाऊन स्थित गैस एजेंसी पर छापा मारकर रिकार्ड चेक किया। एसडीएम द्वारा की गई इस कार्रवाई से शहर के गैस ब्लैकियों व एजेंसी के कारिंदों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार उपमंडलाधीश बलजीत सिंह ने आज सुबह करीब 8 बजे खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर गैस एजेंसी व गोदाम पर छापा मार कार्रवाई की। उन्होंने वहां लाइन में लगे गैस उपभोक्ताओं से बातचीत की और वहां काटी जा रही पर्चियों का भी मिलान किया। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति अधिकारियों ने मौके पर रिकार्ड को जांच-पड़ताल के लिए उनका रिकार्ड जब्त कर लिया। एसडीएम ने बताया कि रिकार्ड चेकिंग के दौरान एजेंसी से 4 घरेलू सिलेंडर अधिक, चार सिलेंडर खाली कम व 1810 रुपए की नगदी कम मिली है। उन्होंने बताया कि उक्त एजेंसी पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर के साथ भुजिया व अन्य खाद्य सामान दिया जा रहा था, जो गलत है। उन्होंने बताया कि खाद्य एवं पूर्ति विभाग को इस मामले की रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए हैं। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने बताया कि गैस एजेंसी के रिकार्ड की जांच की जा रही है। जल्द ही वे इस बारे रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप देेंगे।
No comments:
Post a Comment