फतेहाबाद. आरके कालोनी निवासी एक युवक को रेलवे में नौकरी का झांसा देकर साढ़े 6 लाख रुपए हड़पने का मामला प्रकाश मेें आया है। धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज पीडि़त नवीन कुमार परिजनों सहित पुलिस कप्तान से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे, जहां उनकी अनुपस्थिति में डीएसपी रमेशचंद से मिले। डीएसपी को सौंपे शिकायत पत्र में नवीन कुमार ने आरोप लगाया कि डीएसपी रोड के डा. फूलचंद व उसके पुत्र कुलदीप ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर साढ़े 6 लाख रुपए हड़प लिए। नवीन का आारोप है कि वह उक्त लोगों के यहां पर कंप्यूटर आपरेटर की नौकरी करता था। इस दौरान आरोपियों ने उसे रेलवे में नौकरी लगवाने के बारे में कहा और इसकी एवज में साढ़े 6 लाख रुपए की मांग की, जिसमें से एक लाख रुपए एडवांस के लिए ले लिए। उसने बताया कि उक्त लोग उसे दिल्ली ले गए और वहां रेलवे अस्पताल में 28 अगस्त 2010 को मेडीकल करवाकर अन्य कागजात की खानापूर्ति कर ली। 15 सितम्बर को ज्वाइनिंग लेटर दिया, जिस पर 13 अक्तूबर 2010 की ज्वाइनिंग डेट थी। नवीन का आरोप है कि लेटर देने के साथ ही उन्होंने साढ़े पांच लाख रुपए की राशि भी उनसे ले ली। जब वह 13 अक्तूबर को ज्वाइन करने के लिए दिल्ली पहुंचा तो कुलदीप उसे रामाकृष्णा मेट्रो स्टेशन ले गया, जहां उसे रवि पांडे व मनप्रीत सिंह से मिलवाया। उन्होंने दशहरे की छुट्टियों की बात कहकर 20 अक्तूबर को दोबारा आने की बात कही। जब वह 20 अक्तूबर को वहां पहुंचा तो उसे कुछ अन्य कागजातजमा करवाने व 10 दिन में पोस्टिंग लेटर मिलने की बात कही। दस दिन बाद जब उसने डा. फूल सिंह को फोन किया तो डाक्टर ने फाइल तैयार न होने की बात कहकर उसे टाल दिया। नवीन का कहना है कि आरोपियों के टरकाऊ रवैये पर जब उसे शक हुआ तो उसने नई दिल्ली रेलवे मंडल में कागजात चैक करवाए, जहां वे फर्जी निकले। जब उसने डा. फूलसिंह से बात की तो डाक्टर ने शीघ्र असली कागजात दिलाने की बात कही। आरोप है कि बार-बार तकाजा करने पर आरोपी ने आरोपियों ने उसे टका सा जबाव दे दिया और उसके द्वारा दिए गए रुपए भी लौटाने से साफ इंकार कर दिया। नवीन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
No comments:
Post a Comment