Friday, April 1, 2011

सीवरेज समस्या: फिर जाम तहसीलदर से उलझे

टोहाना/गर्ग. सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होने से गुस्साए लोगों ने आज रतिया रोड पर जाम लगा दिया और जाम खुलवाने पहुंचे तहसीलदार से उलझ पड़े। इस दौरान जाम लगाने वाले युवकों व तहसीलदार के बीच काफी नोक-झोंक भी हुई। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी शिवकुमार, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व नगर परिषद सचिव अमन ढांडा भी मौके पर पहुंच गए। जाम लगाने वाले नरेंद्र ढिल्लों, मंजू जांगड़ा, संंतोष, रेशमा, कमला, सुनीता, रामेश्वर, सुरेश, हंसराज आदि ने बताया कि सीवरेज की सफाई न होने के कारण आए दिन गंदा पानी सड़कों पर फैला जाता है। इसके लिए कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। कुछ दिन पूर्व भी उन्होंने इस समस्या को लेकर रोड जाम किया था तब प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक समस्या का हल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आज सुबह भी सीवरेज बंद होने के कारण गंदा पानी बाहर निकल गया। आसपास के लोगों ने विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बात को लेकर उन्होंने जाम लगा दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था और लोग जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter