फतेहाबाद/विकास मैहता. जब बाड़ ही खेत को खाने लगे तो उस खेत का रखवाला भगवान ही हो सकता है। शहर के एक बैंक में कार्यरत कैशियर ने मातहत कर्मी की आइडी का प्रयोग करते हुए आठ लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस संबंध में बैंक मैनेजर इंद्रपाल यादव ने शहर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने धोखाधड़ी, कागजों में हेरफेर करने का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार जहानाबाद(बिहार) निवासी श्रीकुमार कौशल कौशिक अप्रैल 2008 से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में बतौर कैशियर के पद पर कार्यरत है। मैनेजर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कैशियर कुमार कौशल कौशिक ने बडोपल के एक व्यक्ति के नाम पर खाता खोला, जिसमें उसने बैंक ग्राहक सरिता व टोनी के एफडी खाते से लगभग 92 हजार रुपए अपने इस खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि उक्त अधिकारी ने एक के बाद एक कई ग्राहकों के खातों से पैसों का हेरफेर किया तथा बहुत से ग्राहकों की अकाऊंट डिटेल तक डिलीट कर दी। उक्त अधिकारी ने जम्मूकश्मीर शाखा के एक ग्राहक के खाते से साढ़े 4 लाख रुपए के करीब राशि ट्रांसफर कर ली थी। चूंकि कौशिक को एफडी अकांऊट से संबंधित कोड मालूम थे। इस कारण उसने अधिकतर एफडी अकाऊंट को ही अपना निशाना बनाया और राशि अपने नाम ट्रांसफर की। मामले का पता चलने पर उक्त कर्मी से पूछताछ की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। जिस पर बैंक प्रबंधन ने अपने उच्चाधिकारियों को इस संदर्भ में सूचित कर दिया। बैंक प्रबंधक इंद्रपाल यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर उन्होंने कल शाम को थाना शहर को लिखकर कार्रवाई करने की बात कही। जब पुलिस कप्तान विवेक शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में उन्हें शिकायत मिल चुकी है, वे स्वयं बैंक मैनेजर से बात कर मामले की पड़ताल करेंगे।
No comments:
Post a Comment