फतेहाबाद/रमेश जोइया. हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग के रजिस्ट्रार जन्म मृत्यु के तहत कार्य करने वाले रजिस्ट्रेशन यूनिट नगर परिषद में नए साल के जन्म रजिस्ट्रेशन आंकड़ों को देखकर लगता है कि लड़कियों के जन्मदर की फिजा बदल रही है। रजिस्ट्रेशन यूनिट से मिले आंकड़ों के अनुसार नए साल जनवरी माह की 10 तारीख तक जन्म के मामले में लड़कियों ने लड़के के मुकाबले बाजी मार ली है। इस तारीख तक रजिस्ट्रेशन यूनियन ने जन्म के कुल 73 मामले दर्ज किए हैं, जिसके मुताबिक 40 लड़कियों के जन्म संबंधी रिकार्ड उनके माता-पिता ने दर्ज कराए हैं, जबकि 33 लड़कों के जन्म रिकार्ड इस दौरान दर्ज किए गए हैं। इससे लगता है कि लोगों में लड़का-लड़की के बराबरी की भावना में काफी बढ़ोतरी हुई है। रजिस्ट्रेशन यूनिट ने बीते साल दिसंबर माह में कुल 391 जन्म रिकार्ड दर्ज हुए थे, जिसमें 197 लड़के व 194 लड़कियों के थे। काबिलेजिक्र है कि स्वास्थ्य विभाग के रजिस्ट्रार जन्म मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1969 के तहत जन्म रिकार्ड दर्ज किए जाते हैं।
No comments:
Post a Comment