Thursday, January 13, 2011

कालेज प्रोफेसर तैयार करेंगे दसवीं परीक्षा का प्रश्न पत्र

मताना
फतेहाबाद. प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को शिक्षित करने का दावा करने वाले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी का अपने स्कूल अध्यापकों से विश्वास उठ गया है, तभी तो बोर्ड द्वारा दसवीं व बाहरवीं कक्षा की परीक्षा के प्रश्न पत्र अपने अध्यापकों के बजाए कालेज के प्रोफेसरों से तैयार करवाने की योजना तैयार की है। इसके लिए विभाग द्वारा प्रदेश के सभी कालेजों को पत्र जारी किया गया है। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब स्कूल स्तर के प्रश्न पत्र कालेज के प्रोफेसरों द्वारा तैयार किए जाएंगे। विभाग द्वारा जारी किए गए पत्र के मुताबिक दसवीं कक्षा के 16 व बारहवीं कक्षा के 36 विषयों की परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र कालेज के ऐसे प्रोफेसरों से तैयार करवाया जाएगा, जो कम से कम 10 साल का अनुभव रखते हों। इससे पूर्व सेकेडरी की परीक्षा के लिए मास्टर व सीनियर सैकेंडरी परीक्षा के लिए लेक्चरर प्रश्न पत्र तैयार करते थे। भले ही विभाग द्वारा शिक्षा में सुधार व पारदर्शिता लाने के लिए यह कदम उठाया गया हो, लेकिन इसके कारण असमजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अब कालेज के प्रोफेसर जो प्रश्न पत्र तैयार करेंगे, वह कालेज स्तर का होगा, जो छात्र-छात्राओं को कठिन लगेगा और इससे परीक्षा परिणाम पर असर पडऩ की संभावना है। ग्रेड का फर्क होने से प्रोफेसरों द्वारा मास्टर व लेक्चरर के लिए निर्धारित फीस में प्रश्न पत्र भी तैयार नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही मास्टर व लेक्चरर वर्ग में इसको लेकर रोष उत्पन्न होने लगा है। अब भिवानी बोर्ड का यह फैसला कितना कारगर होता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा, क्योंकि भिवानी बोर्ड द्वारा कुछ समय पहले परीक्षा के दौरान फ्लाइंग में कालेज प्रोफेसरों की नियुक्ति का फैसला भी अध्यापकों के रोष के चलते मात्र एक वर्ष में ही वापिस लेना पड़ा था।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter