Friday, December 17, 2010

फायर ब्रिगेड कर्मियों को बंधक बनाया, ट्रक लेकर फरार

फतेहाबाद. बीती रात कुछ लोग फायर ब्रिगेड कर्मियों को बंधक बनाकर मार्केट कमेटी अधिकारियों द्वारा जब्त ट्रक लेकर फरार हो गए। इस बारे में मार्केट कमेटी व फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने शहर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार मार्केट कमेटी के ड्यूटी सचिव दिलावर बैनीवाल व कमेटी के असिस्टेंट सचिव संजीव सचदेवा अपनी टीम के साथ 14 दिसंबर को रात्रि गश्त पर थे। इस दौरान उन्होंने भूना की ओर से आ रहे ट्रक नं. एचआर 55 एफ- 9043 को रोका और उसकी तलाशी ली तो उसमें धान भरा हुआ था। अधिकारियों ने जब ट्रक चालक से धान संबंधी दस्तावेज मांगे तो उसने कोई भी कागज या फीस की रसीद देने से मना कर दिया। इस पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने ट्रक को धान सहित जब्त कर फायर ब्रिगेड कार्यालय मेें खड़ा करवा दिया। फायर ब्रिगेड अधिकारी गांधी राम ने बताया कि 14 दिसंबर की रात करीब सवा 11 बजे ट्रक फायर ब्रिगेड कार्यालय में खड़ा किया गया। उस रात ड्यूटी पर फायर मैन विनोद कुमार, विशंभर दास, रमेश कुमार व चालक धर्मपाल थे। 15 दिसंबर को तड़के सवा 3 बजे कुछ लोग फायर ब्रिगेड कार्यालय में घुसे और टेलीफोन की तार काट दी। अज्ञात लोगों ने चारों कर्मचारियों को एक कमरे में बंधक बना दिया और जब्त ट्रक लेकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने शहर पुलिस को मामले की सूचना दी। ट्रक रानिया के एक आढ़ती का बताया जा रहा है। आज रानिया के कुछ गणमान्य लोग मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की बैठक मार्केट कमेटी कार्यालय में जारी थी।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter