फतेहाबाद. सर्दी बढऩे के साथ-साथ क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में भी इजाफा होने लगा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि वे बड़े ही इतमिनान से सारी दुकान खाली कर जाते हैं और किसी को भनक भी नहीं लगती। कुछ ऐसी ही घटना गत रात्रि जीटी रोड पर हुई। चोरों ने एक बैटरी की दुकान से 25 बैटरियां, 15 इनवर्टर चोरी कर लिए। इतना ही नहीं चोरों ने दुकान का सेंटर लॉक तक जड़ से उखाड़ फेंका। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शहर पुलिस को दी शिकायत में हिसार रोड स्थित खुशराम पावर सेल्यूशन के संचालक विजय मदान ने कहा है कि रोजाना की भांति वह गत रात्रि साढ़े 7 बजे अपनी दुकान बंद कर घर गया था। आज सुबह 7 बजे जब वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो पाया कि शटर का सेंटर लॉक जड़ से टूटा हुआ था और शटर के ताले भी गायब थे। दुकान खोलने पर उसने पाया कि दुकान से 15 इनवर्टर व 25 बैटरी गायब हैं। उसने बताया कि सामान की कीमत सवा 2 लाख रुपए के करीब है। घटना की सूचना उसने शहर पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी मौजीराम व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।वहीं दूसरी ओर गांव कुम्हारिया के मोबाइल टॉवर से भी 24 बैटरियां चोरी हो गईं। इस मामले में सदर पुलिस ने टॉवर के कर्मी रोहताश की शिकायत पर गोरखपुर निवासी संदीप व बडोपल निवासी सुभाष के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व चोरों ने 2 नवंबर को भूना मोड़ पर एक इनवर्टर शॉप से 5 लाख रुपए की बैटरियां चोरी की थीं। वहीं 18 नवंबर को 4 मरला कॉलोनी में डी-लाईट शोरूम, 19 नवंबर को जगजीवनपुरा में चोरी की थी। चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए 23 नवंबर को एमएम कॉलेज में 4 लाख रुपए की सोलर प्लेट भी चोरी की थीं। इन सभी घटनाओं में पुलिस अभी तक कोई भी सुराग नहीं लगा पाई है।
अनाजमंडी से बाइक चोरी
शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह ने गत सायं अनाज मंडी से एक मोटरसाइकल चोरी कर लिया। शहर पुलिस को दी शिकायत में नहर कॉलोनी निवासी अमित ने कहा है कि अज्ञात चोर उसकी दुकान के आगे से नया मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों केखिलाफ धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया है।
No comments:
Post a Comment