फतेहाबाद. भट्टूकलां में गत रात्रि झगड़े में बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। ढाणी भट्टूकलां के समीप कुछ बारातियों ने एक व्यक्ति को पीट-पीटकर कर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही भट्टूकलां थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर फुलां(सिरसा) निवासी 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में ढाणी भट्टूकलां निवासी मुकेश ने कहा है कि गत रात्रि कुछ लोग कार में सवार होकर बनमंदौरी से किरढान एक विवाह समारोह में जा रहे थे, तभी उनके घर के सामने बारात की एक गाड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे के बाद बारातियों व ट्रैक्टर मालिक में कहासुनी हो गई। उसने बताया कि जब उसके पिता सुभाष उनके झगड़े को सुलझाने के लिए गए तो पीछे से बारातियों की एक और सेंट्रों कार में आए लोगों ने उसके पिता को दुर्घटना का आरोपी समझकर पीटना शुरू कर दिया। मुकेश ने आरोप लगाया कि पवन व उसके 7-8 अज्ञात साथियों ने उसके पिता के गुप्तांग व सिर पर गहरी चोटें मारी, जिससे उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुकेश की शिकायत पर फुलां निवासी पवन व उसके 7-8 अन्य साथियों के खिलाफ भादंसं की धारा 304, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
No comments:
Post a Comment