फतेहाबाद/प्रदीप शर्मा. बहुचर्चित रूचिका प्रकरण में आज सिरसा के एएसपी सज्जन कुमार ने पीडिता रूचिका, उसकी मां-बाप के ब्यान कलमबद्ध किए। इस बारे में जहां एएसपी ने मीडिया को किसी प्रकार की जानकारी देने से साफ मना कर दिया, वहीं रूचिका व उसकी मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाकर अपने ब्यान कलमबद्ध करवाए। इस मौके पर दूसरे पक्ष के काफी लोग भी पुलिस थाने में आए हुए थे। इस बारे में रूचिका की मां ने बताया कि इस मामले में पुलिस की मिलीभगत रही है। पुलिस ने ही रूचिका को मैडीकल न करवाने की बात कहकर उस पर दबाव बनाया था। इतना ही नहीं पुलिस अब भी रूचिका के परिवार पर समझौते के लिए दबाव बना रही है। रूचिका की मां ने बताया उन्होंने अपने ब्यान में वही ब्यान दर्ज करवाए हैं, जो पिछले दिनों जिला उपायुक्त के समक्ष दिए थे। इस मौके पर आरोपी सतीश के मामा जगदीश के अलावा कैथल की पंचायत भी आई हुई थी। पंचायत का कहना है कि इस प्रकरण में सतीश के मामा जगदीश व उसके परिवार का कोई हाथ नहीं है, जबकि रूचिका के परिजनों का आरोप है कि जगदीश व उसके साथियों ने ही रूचिका को उकलाना में पुलिस के हवाले किया था। इस मामले में एएसपी सज्जन कुमार ने यह कहकर किसी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही कुछ बता पाएंगे। गौरतलब है कि इस बारे में कुछ समय पहले रूचिका के परिजन हिसार आईजी से मिले थे और उन्होंने जांच सिरसा एसपी को सौंपी थी।
No comments:
Post a Comment