Friday, April 9, 2010

इनेलो विपक्ष की सही भूमिका नहीं जानती: अनीता

फतेहाबाद/विकास मैहता. हरियाणा में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। जो लोग अपने आप को विपक्ष मानते हैं, वे विपक्ष का फर्ज निभाने की बजाए विधानसभा व बाहर सरकार के विकास रूपी कार्यों में बाधा बनते हैं। यह बात अटेली से विधायक व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की मुख्य संसदीय सचिव अनीता यादव ने आज पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। श्रीमती यादव यहां अनाज मंडी में चल रही गेहूं खरीद का अवलोकन करने आई थीं। अनीता यादव दुड़ाराम के प्रतिष्ठान पर करीब दो घंटे रुकीं और दुड़ाराम से राजनीतिक मामलों पर गुफ्तगू की। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनीता यादव ने इनेलो को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दल किसी का भला नहीं कर सकते। गत दिनों सिरसा में मुख्यमंत्री दौरे के दौरान इनेलो द्वारा बंद करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इनेलो सिर्फ गुंडागर्दी करके लोगों में भय पैदा करना चाहती है। अनीता यादव ने कहा कि प्रदेश को पहली बार ऐसा पढ़ा-लिखा ईमानदार मुख्यमंत्री मिला है, जो पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बिजली समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जबकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में 4 बिजली संयंत्र लगाए हैं, जो जल्द अपना कार्य शुरू कर देंगे। इसके बाद हरियाणा में बिजली की कोई समस्या नहीं रहेगी। इस मौके पर अनीता यादव ने कहा कि पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम के कार्यकाल के दौरान फतेहाबाद को 100 एकड़ से अधिक भूमि पर नई अनाज मंडी के निर्माण के लिए फतेहाबाद के किसानों, व्यापारियों को नायाब तोहफा मिला है। अनीता यादव ने कहा कि उनके दुड़ाराम से पिछले काफी वर्षों से राजनीतिक तौर पर बहुत अच्छे संबंध है। उन्होंने कहा कि दुड़ाराम जनता के लिए संघर्ष करने वाले नेता हैं। इस मौके पर व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान टेकचंद मिढ़ा, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन जगदीश जाखड़, कृष्ण रोहज, पूर्व एचसीएस रामनाथ बिश्नोई, मार्केट कमेटी सचिव केएल काकड़, खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक डॉ.घनश्याम दास, आजाद नगर के सरपंच रामनिवास, महावीर खिचड़, पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह, उग्रसेन मांजू सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पूर्व उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों की मीटिंग भी ली।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter