विकास मैहता
फतेहाबाद. हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल)आगामी 1 मई को कुरुक्षेत्र में एक प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित कर हजकां अपनी हवाओं का रुख बदलना चाहती है। विपरीत चल रही इन हवाओं को अपनी ओर करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं हजकां संरक्षक चौ.भजनलाल ने अपने पुराने साथियों से मिलकर उन्हें मनाना शुरू कर दिया है। इस सम्मेलन में हजकां संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री सांसद भजनलाल पांच मार्च को विधानसभा घेराव के दौरान घायल व जेल से वापस आए हजकां कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। हाल ही में हुए लोकसभा व विधानसभा चुनावों में बुरी तरह मात खाने के बाद हजकां अब बदलाव की गाड़ी पर सवार हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सांसद भजनलाल ने पार्टी को मजबूत करने के लिए अपने पुराने राजनीतिक साथियों को साथ लाने के लिए उनसे संपर्क साधना शुरू कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि भजनलाल व कुलदीप बिश्नोई उन 11 हलकों में पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं, जहां निर्दलीय विधायक हैं या हजकां के बागी विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों के बाद उन 11 हलकों में कांग्रेस के कई दिग्गजों को सरकार के उच्च पदस्थ नेताओं ने हाशिये पर धकेल दिया है, जहां निर्दलीय व हजकां से कांग्रेस में आए विधायक हैं वहां पुराने कांग्रेसी 'बेचाराÓ बन गए हैं। पिछले दिनों भजनलाल द्वारा फरीदाबाद जिले के एक वरिष्ठ पंजाबी कांग्रेस नेता से मुलाकात की चर्चाएं थीं, वही भजनलाल के बड़े पुत्र चंद्रमोहन की हजकां में शामिल होने की चर्चाएं भी दिनबदिन चलती रहती हैं। बहरहाल भजनलाल व कुलदीप बिश्नोई अपनी राजनीति को जिंदा रखने के लिए इन दिग्गज नेताओं को आगामी चुनाव में टिकट व पार्टी के उच्च पदों पर बैठाने का वायदा कर रहे हैं। देखना यह है कि दोनों बाप-बेटा द्वारा की जा रही इस मेहनत का फल उन्हें कितना मिलता है। प्रदेश भर के राजनीतिक पंडितों की नजर अब एक मई को कुरुक्षेत्र में होने वाले हजकां प्रदेश स्तरीय सम्मेलन पर लग गई हैं कि इस सम्मेलन में कौन-कौन से भजनलाल के पुराने साथी हजकां में शामिल होते हैं।
No comments:
Post a Comment