फतेहाबाद/रतिया. जिले में लगातार बढ़ रही लूट व चोरी की घटनाओं से जिलेवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। चोर-लुटेरे बेखौफ वारदात को अंजाम देकर बच निकलते हैं। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए लुटेरों ने पिछले एक सप्ताह में विभिन्न स्थानों पर लाखों रुपए उड़ा लिए। आज हुए घटनाक्रम में फतेहाबाद की अनाजमंडी के 99 नंबर दुकान के पीछे से अपने साथियों के साथ चाय पी रहे एक जमींदार के पास से करीब डेढ़ लाख रुपए का बैग रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। बताया जाता है कि आज समीपवर्ती गांव धांगड़ निवासी रूलीराम अपने साथी अमर ङ्क्षसह व भगवान दास के साथ युको बैंक से एक लाख 49 हजार रुपए निकलवाकर लाया था। वे अनाजमंडी की 99 नंबर दुकान के पीछे चाय की दुकान पर बैठकर चाय पीने लगे। इस दौरान बैग रूलीराम ने पास की कुर्सी पर रख दिया। कुछ देर बाद जब वे चलने लगे तो रुपयों से भरा बैग गायब था। रूलीराम ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व दुकान पर करीब 11 वर्षीय एक लड़का कोई सामान लेने के लिए आया था। उन्होंने आशंका जताई कि उक्त बच्चा ही उसका नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बच्चे की तलाश में जुट गई है। वहीं दूसरी ओर रतिया में भी बैंक के आगे मोटरसाइकिल पर बैग से 50 हजार रुपए उड़ा लिए। रतिया निवासी कृष्ण पटवारी ने बताया कि वह पीएनबी से अपने खाते से 50 हजार रुपए निकलवाकर कृषि कार्ड बनवाने के लिए ओबीसी बैंक में फार्म लेने के लिए गया था कि इस बीच बाहर खड़े बाइक से नोटों से भरा बैग गायब हो गया। इस पर उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। गौरतलब है कि बीते दिन भी टोहाना में दो बच्चों द्वारा करीब डेढ लाख रुपए लूटकर भागने का प्रयास किया था, जो बाद में बैंक गार्ड की तैनाती के कारण पकड़े गए।
No comments:
Post a Comment