Tuesday, March 16, 2010

प्रॉपर्टी डीलरों पर कसा शिकंजा करवाई फोटोग्राफी, हड़कंप

फतेहाबाद/विकास मैहता. शहर में बिना लाइसेंस चल रहे प्रॉपर्टी डीलरों पर प्रशासन द्वारा शिकंजा कसने के उद्देश्य से आज नायब तहसीलदार दर्शन सिंह के नेतृत्व में शहर भर में प्रॉपटी डीलरों की दुकानों की फोटोग्राफी कराई गई तथा उन्हें रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख तक रजिस्ट्रेशन करवाने की चेतावनी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि आज सुबह से ही प्रापर्टी डीलरों में हड़कंप मचा हुआ था तथा बहुत से प्रॉपर्टी डीलर तो अपनी दुकानें बंद कर भूमिगत हो गए थे। आज प्रात: जब 10 बजे नायब तहसीलदार व उनकी टीम प्रॉपर्टी डीलरों के प्रतिष्ठानों पर पहुंची तो बहुत से प्रापर्टी डीलर अपनी दुकानों से नदारद थे। इस मामले में नायब तहसीलदार दर्शन सिंह ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार आज हमने प्रॉपर्टी डीलरों को जल्द लाइसेंस बनवाने की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि शहर में 114 के लगभग प्रॉपर्टी डीलर हैं। आज इन सभी प्रॉपर्टी डीलरों के दफ्तर पर जाकर इनकी फोटोग्राफी करवाई गई। उन्होंने बताया कि प्रापर्टी डीलर अपनी दुकान का रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए उपायुक्त कार्यालय स्थित जिला राजस्व अधिकारी की एचआरए ब्रांच से रजिस्टे्रशन फार्म ले सकते हैं और इसे तुरंत भरकर व निर्धारित फीस जमा करवाकर अपने दफ्तर का रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। समाचार लिखे जाने तक नायब तहसीलदार ने लगभग 50 प्रॉपर्टी डीलरों के प्रतिष्ठानों पर जाकर फोटोग्राफी करवाई।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter