फतेहाबाद/प्रदीप. शनिवार शाम को शरारती तत्वों द्वारा बस स्टैंड के अंदर खड़ी रोडवेज की बस को आग के हवाले करने के बाद पैदा हुए तनाव को देखते हुए आज बस स्टैंड पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई थी। बस स्टैंड परिसर में आम आदमी की आवाजाही बंद करके एक-एक बस को गेट खोलकर बस स्टैंड से बाहर निकाला जा रहा था। बस स्टैंड का गेट बंद होने के गेट के बाहर यात्रियों की काफी भीड़ लगी हुई थी और सवारियों को अपने गन्तव्य की ओर जाने में काफी परेशानी हो रही थी। भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को प्राइवेट वाहनों में सफर करना पड़ रहा था। इस बारे में रोडवेज महाप्रबंधक से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि फतेहाबाद के सभी रूटों पर बसें चलाई गई है। आगजनी की घटना से बचने के लिए मेन गेट पर बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा बस स्टैंड के चारों तरफ सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इसके साथ-साथ किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए बीएसएनएल कार्यालय, पोस्ट आफिस सहित लगभग सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। शहर के चप्पे-चप्पे पर आज पुलिस की तैनाती होने के साथ ही पुलिस कर्मचारी सिविल वर्दी में भी शहर में निगरानी कर रहे थे।
No comments:
Post a Comment