Friday, March 5, 2010

6 साल से नियमित होने के इंतजार में हैं कॉलोनियां

अजय मैहता
फतेहाबाद. प्रदेश सरकार ने करीब छह वर्ष पूर्व फतेहाबाद की ३३ कॉलोनियों को वैध करने की मंजूरी दे दी, लेकिन नगर परिषद ने अभी तक इन कॉलोनियों को नियमित नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि इन कॉलोनियों में शहर की आबादी का एक बड़ा हिस्सा आबाद है। कॉलोनी के नियमित नहीं होने की वजह से यहां न तो लोगों को नया मकान बनाने की अनुमति मिल पा रही है और न ही मूलभूत सुविधा। अब तक इन कॉलोनियों में जितने भी मकान बने हैं उनका नक्शा पास नहीं है। ऐसे में आशियानों पर हर वक्त पीला पंजा चलने की तलवार लटकी रहती है। हरियाणा सरकार ने 17 दिसंबर २००४ को प्रदेश की कुल १०५४ कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा की थी। इनमें 33 कॉलोनियां फतेहाबाद की भी शामिल थी। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार नगर परिषद और जिला नगर योजनाकार कार्यालय से इन कॉलोनियों का ले आऊट प्लान बनाकर स्थानीय निकास विभाग के निदेशक को भेजना था, ताकि नियमित की गई कॉलेनियों की सीमा और खसरा नंबर का जिक्र किया जा सके। २००५ में नगर परिषद ने इन कॉलोनियों की नगर योजनाकार विभाग को सूचि भेज दी थी। लेकिन योजनाकार विभाग ने सीवरेज-पेयजल व्यवस्था जैसी कुछ त्रुटियां दिखाते हुए इसे वापस नगर परिषद के पास भेज दिया। नगर परिषद ने इन सारी त्रुटियों को दूर कर इस फाइल को वापिस नगर योजनाकार के पास भेजनी थी ताकि इसे निदेशालय भेजा सके, लेकिन विडंबना देखो यह फाइल अभी तक इस कार्यालय उस कार्यालय की दौड़ लगा रही है। नगर परिषद के एमई से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फाइल को जनस्वास्थ्य विभाग के पास भेजा गया है ताकि उन में दर्ज त्रुटियों को दूर किया जा सके।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter