Monday, February 1, 2010

स्वास्थ्य विभाग ने छापा मार लाखों की दवाइयां पकड़ी

फतेहाबाद. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीनियर ड्रग कंटोलर के नेतृत्व में ठाकर बस्ती में एक मकान पर छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध रूप से रखी गई नशे की की प्रतिबंधित गोलियां व दवाइयां बरामद की है। टीम ने दवाइयों को अपने कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक विभाग की कार्रवाई जारी थी। विभाग की इस कार्रवाई से फतेहाबाद में हड़कंप मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार पुत्र रामप्रकाश ने ठाकर बस्ती में नशीली दवाइयों का अवैध गोदाम बनाया हुआ था। इस गोदाम में लाखों रुपए की अवैध, नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण किया गया था। सीनियर ड्रग कंट्रोल आफिसर हिसार नरेंद्र आहुजा व सीनियर ड्रग कंट्रोल आफिसर सिरसा के रजनीश धारीवाल ने बताया कि इस संदर्भ में सूचना मिलने पर उन्होंने छापा मार कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उन्हें बड़ी मात्रा में नशीली, अवैध व प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन दवाइयों में ऐसे इंजेक्शन भी है, जो फलों को पकाने व भैंसों को लगाने के लिए प्रयोग किए जाते हैं, जिन पर विभाग द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि ठाकर बस्ती के मकान नं 88 के तीन कमरों में बनाए गए इन अवैध गादामों में ऑक्सीटोसिन के 4500 इंजेक्शन, एल्प्राजोल्म 1 एमजी, 2.5 एमजी व 5 एमजी, डायजाफाम वायल, फेनोटिल, पेनराजोलिन इंजेक्शन काफी ऐसी दवाइयां रखी हुई थी, जो प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि तीनों गोदामों को सील कर नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों के सैंपल लेकर इन्हें जांच के लिए भिजवा दिया गया है। इसके अलावा कस्टडी ऑर्डर के लिए विभाग की टीम कोर्ट पहुंच चुकी है।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter