Wednesday, February 10, 2010

भिरड़ाना विवाद : सड़क पर लेटे प्रदर्शनकारी

फतेहाबाद. भिरडाना में बीती 3 फरवरी को हुए एक विवाद में धानक समाज के व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने से क्षुब्ध समाज के सैकड़ों ग्रामीण हाइवे पर लेट गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वे लघु सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि बीती तीन फरवरी को गांव भिरडाना में एक प्लाट को लेकर धानक व बिश्नोई समाज में विवाद उत्पन्न हो गया था। इसी विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस द्वारा 21 ग्रामीणों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। ग्रामीण इस मामले को लेकर पूर्व सांसद डॉ.सुशील इंदौरा के नेतृत्व में एसपी से भी मिल चुका है। प्रदर्शन में शामिल कृष्ण, रिसाल, राजवीर, महावीर, उमेद सिंह, दिलबाग, सूरजभान, हरभजन, लाला राम, कुलदीप आदि ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। सप्ताह बीतने के बावजूद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। प्रदर्शन की संवदेनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा लघु सचिवालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी। प्रदर्शन में महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद थी।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter