फतेहाबाद. प्रदेश सरकार को जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। देश व प्रदेश की सरकार के मंत्री महंगाई को बढ़ावा देकर केवल अपने हित साधने में लगे हुए हैं और सरकार के सभी अधिकारी कमीशनखोर है और अपनी जेबें भर रहे हैं। इसका अंदाजा कृषि मंत्री के उस ब्यान से ही लगाया जा सकता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि चीनी के भाव बढ़ेंगे तो किसानों को फायदा होगा। केंद्र सरकार लगातार महंगाई के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने में लगी हुई है। यह बात आज गांव चिंदड़ में कृष्ण राड़ के पुत्र सुरजीत राड़ के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे हजकां के संरक्षक तथा सांसद चौ. भजनलाल ने कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मात्र महाराष्ट्र के किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए कृषि मंत्री देश की जनता के साथ खिलवाड़ कैसे कर सकते हैं। इस मौके पर भजनलाल ने अपने चिर-परिचित अंदाज में गांव के लोगों से भी बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि आज महंगाई 'सुरसाÓ की तरह मुंह बाए खड़ी है, बिजली-पानी को लेकर किसानों में हाहाकार है, कानून व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ है, बेरोजगार सड़कों पर है, कर्मचारी वर्ग में असंतोष फैला है। ऐसे में प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा जनहित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व में 5 मार्च को हरियाणा विधानसभा का घेराव करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 5 मार्च को चंडीगढ़ पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा मात्र रोहतक जिले के ही मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। इस मौके पर उनके साथ पूर्व सांसद पंडित रामजीलाल, हलका प्रधान राजेन्द्र सरपंच, भागसिंह सरपंच चिंदड़, रामकुमार राड़, विक्रम भादू, राजाराम राड़, भूपसिंह छींपा सहित अनेक लोग मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment