रमेश जोइया
फतेहाबाद. जिले के मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल संचालक अपनी आय सहित विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की संख्या को पारदर्शी करने में रूचि नहीं ले रहे हैं। इस बाबत शिक्षा विभाग ने जिले के सभी मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों को फार्म नं. 6 विभाग को जमा कराने के आदेश दिए थे, लेकिन तय समय सीमा 31 दिसंबर 2009 तक काफी स्कूलों ने यह फार्म विभाग के पास जमा नहंी कराए हैं। प्राइवेट मान्यता प्राप्त स्कूलों को शिक्षा विभाग ने बकायदा पत्र भेजकर फार्म 6 जमा कराने को कहा था। काबिले जिक्र है कि यह आदेश सत्र शुरू होने से पहले जारी कर दिए गए थे। शिक्षा विभाग ने मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों की स्थिति का अवलोकन करने के लिए फार्म 6 भरवाता है। इस फार्म में स्कूल संचालकों को स्कूल के विद्यार्थियों, स्टाफ की संख्या व आय का पूरा ब्यौरा देना होता है। इस फार्म में स्कूल संचालकों को प्रति विद्यार्थी फीस सहित अध्यापकों व अन्य स्टाफ की संख्या उनको दिए जाने वाले वेतन बारे भी बताया जाना होता है। स्कूल संचालकों को यह फार्म हर साल शिक्षा विभाग में जमा कराना होता है। फार्म नं. 6 के आधार पर ही विभाग के अधिकारी स्वयं यह शिकायत मिलने पर स्कूल का निरीक्षण कर सकते हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक फतेहाबाद ब्लाक में 36 मान्यता प्राप्त स्कूलों में से मात्र 15 स्कूलों ने ही शिक्षा विभाग के पास यह फार्म जमा कराया है। कमोवेश यही हाल भूना, भट्टू, रतिया, जाखल व टोहाना ब्लाक का है।
No comments:
Post a Comment