Monday, January 4, 2010

स्कूल विद्यार्थियों को नहीं सताएगा बिजली संकट

रणधीर मताना
फतेहाबाद. शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को बिजली की किल्लत से छुटकारा दिलाने के लिए उनका कनैक्शन ट्यूब्वैलों से काटकर गांव के साथ जोडऩे की योजना तैयार की है, ताकि स्कूलों में बिजली कटों से कुछ निजात मिल सके। इसके लिए शिक्षा आयुक्त ने प्रदेश के सभी डीईओ को पत्र जारी करके ऐसे स्कूलों की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं, जिनके बिजली कनैक्शन गांव के बजाए ट्यूब्वेल की लाइन से जुड़े हुए हैं। शिक्षा आयुक्त द्वारा जारी किए गए पत्र के मुताबिक स्कूलों में एजुसैट के लिए बिजली की काफी जरूरत होती है, लेकिन बिजली की कमी के कारण प्रदेश के एजुसैट धूल फांकते रहते हैं। इसके अलावा गर्मी में भी बिजली की कमी के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदेश सरकार द्वारा कुछ समय पहले गांव व ट्यूब्वेलों की लाइन अलग-अलग करने का फैसला किया है, जिसके तहत गांव को भी शहर की तर्ज पर अधिक बिजली सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। गांव के लिए करीब 15 से 18 घंटे बिजली छोड़ी जाती है। अब शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के कनैक्शन भी गांव की बिजली लाइन से जोडऩे के आदेश जारी किए हैं। शिक्षा आयुक्त द्वारा जारी किए गए पत्र के मुताबिक प्रदेश के प्रत्येक जिले में शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे स्कूलों की सूची तैयार की जाएगी, जिनके कनैकशन गांव के बजाए ट्यूब्वेलों की बिजली लाइन से जुड़े हुए हैं। यह सूची विभाग बिजली विभाग के एक्सईएन को सौंपेगा और एक्सईएन द्वारा बिना देर किए इन स्कूलों का कनैक्शन गांव की बिजली लाइन से कर दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter