Friday, December 25, 2009

नशीली दवा बेचने का आरोपी रिमांड पर, सरगना की तलाश

फतेहाबाद. खैराती रोड स्थित पुराने डीएवी स्कूल के पास बीती शाम कोरक्स की 500 बोतलों के साथ पकड़े गए केनाल कालोनी निवासी युवक टेकचंद पर पर नशीला पदार्थ रखने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट धारा 21बी के तहत मामला दर्ज कर आज सीजेएम महेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सिरसा के सीनियर ड्रग कंट्रोल अधिकारी रजनीश धारीवाल ने बताया कि बीते दिन नशे की नकली दवाओं के साथ पकड़े गए युवक का संबंध फतेहाबाद, हिसार या सिरसा में किसी बड़े गिरोह के साथ हो सकता है। इसके लिए वे युवक द्वारा बताए गए स्थान पर गए थे, लेकिन उन्हें वहां से न तो कोई व्यक्ति मिला और न ही कोई सामान बरामद हुआ है। अपितु उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर भी कोई उपलब्ध नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक से अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन वे उसके मोबाइल नंबरों को ट्रेस करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि इस बात का पता चल सके कि युवक का संबंध किसके साथ था। उनका मानना है कि मोबाइल के जरिए ही उस गिरोह तक पहुंचा जा सकता है, जहां से माल सप्लाई होता है।
दूसरी तरफ पकड़े गए युवक टेकचंद का कहना है कि वह पिछले चार साल से खैराती रोड स्थित एक गोदाम में काम करता है। बीते दिन भी वह अपनी ड्यूटी पर आया हुआ था तभी सिरसा से उनके रिश्तेदार के नजदीकी राजु बंसल ने उन्हें फोन करके उक्त तीनों पेटियां किसी को उठवाने की बात कही थी। सूत्रों की मानें तो फतेहाबाद में कार्रवाई करने के बाद ड्रग टीम ने सिरसा में भी रात करीब एक बजे तक कार्रवाई की। गौरतलब है कि बीती रात तीन जिलों की ड्रगस कंट्रोल टीम ने खैराती रोड स्थित डीएवी स्कूल के पास से नशे की नकली दवा का एक बड़ा जखीरा पकडऩे में कामयाबी प्राप्त की थी। इस टीम में हिसार के सीनियर ड्रग कंट्रोल आफिसर नरेंद्र आहुजा,रोहतक के एलसी मित्तल व सिरसा के रजनीश धानीवाल मौजूद थे। टीम को सूचना मिली थी कि फतेहाबाद में नशीली दवाइयों की बिक्री की जा रही है। टीम ने यहां पर केनाल निवासी टेकचंद ने जब 500 बोतलों वाली कोरक्स की तीन पेटियां उक्त ग्राहक को सौंपी तो टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter