सिरसा, हिसार रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज के दो पिल्लर के बीच डाली गई स्लैब आज दोपहर गिर गई जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण के दौरान ही स्लैब गिरने से लोगों में पुल की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दोपहर करीब एक बजे पेट्रोल के सामने दो पिल्लर पर डाली गई स्लैब पर कार्य चल रहा था कि अचानक एक के बाद एक पांचों स्लैब धड़ाम से जमीन पर गिर गर्इं। जिस समय स्लैब गिरी उस समय उनके नीचे व्यक्ति या मजदूर नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन स्लैब के नीचे दबने से वहां के दुकानदारों के दो स्कूटर, एक जनरेटर सैट, एक इंजन व कुछ अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। स्लैब गिरने के बाद वहां बड़ी संख्या में दुकानदार व आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने स्लैब गिरने से कई तरह के सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों ने कहा कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री प्रयुक्त की जा रही है जिस कारण निर्माण के दौरान की स्लैब गिर गई हैं जबकि कुछ दुकानदारों का कहना है कि दोनों पिल्लरों के बीच जो स्लैब डाली गई हैं वे बिना सहारे के डाली गई हैं। उनके नीचे सहारा न होने के कारण ही स्लैब गिर गई हैं। बहरहाल मौके पर कोई भी अधिकारी या तकनीकी स्टाफ के न पहुंचने पर स्लैब गिरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं लग पाया है लेकिन इस घटना ने पुल के निर्माण को लेकर कई तरह के प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्लैब गिरने की हकीकत तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
No comments:
Post a Comment