Saturday, December 26, 2009

कांग्रेस प्रत्याशी की जीत निश्चित: तंवर

फतेहाबाद/प्रदीप. ऐलनाबाद में होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भरत सिंह बैनीवाल की जीत पक्की है। यह बात सांसद अशोक तंवर ने आज गांव ढांड़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। वे आज युवा जागृति मंडल एवं ग्राम पंचायत ढांड की तरफ से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शूटिंग बाल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर आए हुए थे। इससे पूर्व उन्होंने इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए खेल को खेल की भावना से खेलने की बात कही। उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि वे खेल में किसी प्रकार की द्वेष भावना न रखें और आपसी भाईचारे से खेलों में भाग लें। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद तंवर ने कहा कि देश के 12 राज्यों में चलाए जा रहे युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान में करीब 45 लाख नए सदस्य बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके कारण प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में कांग्रेस को ओर अधिक मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से नीचले स्तर के कार्यकर्ताओं को ऊपर उठने का मौका मिलता है और उनकी राजनीति में अहम भागीदारी हो जाती है। युवाओं की राजनीति में अधिक से अधिक से भागीदारी निश्चित करने के लिए ही यह युवा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इस सदस्यता अभियान में युवाओं को नेतृत्व करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनके कार्यों का मूल्यांकन भी किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि अरविंद शर्मा, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जगजीत हुड्डा, मुख्तयार सिंह सदर, ठाकुर भवानी सिंह, अरविंद भुक्कर, वजीर जाखड़, शम्मीरत्ति, ओमप्रकाश बिश्नोई, हंसराज मेहता, महेश गुज्जर, नरेंद्र यादव,सरपंच सोहनलाल, ब्लाक समिति उपाध्यक्ष बजरंग गेदर, सुरेन्द्र जाखड़, डा0 हेमराज, रघुवीर सिंह नम्बरदार सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। सांसद तंवर ने आज ढांड के अलावा मोचीवाली, चमारा, गोरखपुर, नहला, दहमन, बैजलपु, ढाणी गोपाल व खासा पठाना गांव का दौरा करके ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter