Wednesday, December 9, 2009

आयकर विभाग के छापे, हड़कंप

सिरसा. आयकर विभाग के हिसार स्थित कार्यालय से आई आज अलग-अलग टीमों ने शहर के कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई करके आय से संबंधित रिकॉर्ड खंगाला और कुछ जरूरी कागजात अपने कब्जे में लिए। मिली जानकारी के अनुसार हिसार से आई इस टीम के एक दल ने दिल्ली पुल पर स्थित अति आधुनिक एक होटल व न्यू एमसी मार्केट में नवनिर्मित एक मिष्ठान भण्डार पर छापामार कार्रवाई की। आयकर की टीम ने इन दोनों स्थानों के अलावा जीवननगर स्थित एक फर्म पर भी छापे मारे और इनकी आय के दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों ने बताया कि दो-तीन अन्य स्थानों पर भी आयकर अधिकारियों ने कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में भी लिए है। इस कार्रवाई के बाद शहर के लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार कुछ लोग अपने प्रतिष्ठान तक बंद करके भूमिगत हो गए और आयकर के छापों से बचने की जुगत भिड़ाने में लगे रहे। हालांकि ऐसे लोगों की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारी लंबे समय से इन प्रतिष्ठानों पर निगाह रखे हुए थे और सामान्य कार्रवाई के तहत आज इन पर छापामारी की गई है। इन केन्द्रों से आय व खर्च का ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो पाया है लेकिन अधिकारी समाचार लिखे जाने तक जांच पड़ताल कर रहे थे।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter