Wednesday, September 16, 2009

कांग्रेस में टिकटों की घोषणा शीघ्र

नई दिल्ली. विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट के दावेदारों द्वारा की जा रही जोर-आजमाइश के बीच प्रदेश चुनाव समिति ने टिकटों के संभावितों का पैनल तैयार करके स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेज दिया है। स्क्रीनिंग कमेटी की आज शाम को बैठक में इस पर विचार किया जाएगा और अंतिम नाम फाइनल करके केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजा जाएगा, जिसमें शीघ्र ही कांग्रेस हाई कमान की मूहर के बाद टिकटों की घोषणा कर दी जाएगी। इससे पूर्व प्रदेश में टिकट के दावेदारों की बढ़ती संख्या न केवल चुनाव समिति के लिए सिरदर्द बनती जा रही थी, बल्कि कांग्रेस हाई कमान के सामने भी यह समस्या आ रही थी कि वे किसे टिकट थमाए। विधानसभा चुनावों की घोषणा होने के बाद ही प्रदेश में टिकट के दावेदारों ने अपना शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया था। भले ही हाईकमान ने टिकट के दावेदारों के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पर्यवेक्षक भेजकर दावे आमंत्रित किए थे, लेकिन कई स्थानों पर पर्यवेक्षक के साथ धक्का मुक्की करने के बाद उन्हें वापिस बुला लिया गया था। उसके बाद शुरू हुआ टिकटों के बंटवारे को लेकर ऐसा सिलसिला जो आज तक बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। इसके लिए कांग्रेस की कई बार कमेटियां बनाई गई। पिछले दिनों प्रदेश चुनाव समिति गठित की थी, जिसमें मुख्यमंत्री व हरियाणा प्रभारी पृथ्वीराज चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। इस समिति को हर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के तीन दावेदारों का एक पैनल बनाकर स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजना था। इस कमेटी को नामों के पैनल बनाकर में काफी समस्या आ रही थी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित एक पक्ष टिकट पर सीटिंग एमएलए व जीत दर्ज करने वाले को टिकट देने के पक्ष में थे, वहीं विरोधी दल अन्य पार्टी छोड़कर शामिल हुए नेताओं को टिकट देने का विरोध कर रहे थे। इसके चलते पिछले कुछ समय से समिति द्वारा किसी प्रकार के पैनल पर सहमति नहीं बन पा रही थी। इसको लेकर बीते दिन कांग्रेस हाई कमान ने जल्द पैनल भेजने की बात कही। र्हाकमान के आदेशों के बाद चुनाव समिति ने पैनल बनाने में तीव्रता दिखाई और आपसी सहमति से आज लगभग प्रदेश की सभी सीटों पर पैनल बनाकर स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेज दिए। इन पैनलों में कुछ स्थानों पर तो एक-दो दावेदार हैं, जबकि कुछ पैनलों में तीन से चार दावेदार शामिल हैं। चुनाव समिति द्वारा भेजे गए पैनल में काफी नए चेहरे भी बताए जाते हैं। स्क्रीनिंग कमेटी आज शाम इस पैनल पर विचार-विमर्श कर अंतिम नाम फाइनल करेगी। इस स्क्रीनिंग कमेटी में पहले केंद्रीय कमेटी से मोहसिना, हरियाणा प्रभारी पृथ्वीराज चौहान, वी हरीप्रसाद, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना शामिल थे, लेकिन अब इनमें केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा व राव इंद्रजीत को भी शामिल कर लिया गया है। विरोधी गुट को शामिल करने के बाद अब टिकटों के वितरण में किसी प्रकार के उलटफेर की आशंका के आसार कम हैं। यह स्क्रीनिंग कमेटी तैयार किए गए पैनल के दावेदारों के पिछले रिकार्ड को खंगालेगी। कमेटी इस बात का निचोड़ निकालेगी कि बीते समय में दोवदार द्वारा पार्टी के लिए क्या काम किया गया है। उसका विधानसभा क्षेत्र में जनाधार कैसा है और उस विधानसभा क्षेत्र और दावेदार के जातीय समीकरणों में कितनी समानता है। जातीय समीकरणों में मजबूत दावेदार को नकारना स्क्रीनिंग कमेटी के लिए टेढ़ी खीर होगी। स्क्रीनिंग कमेटी की आज शाम को बैठक होनी की संभावना है और उसके बाद शीघ्र ही पैनल में से अंतिम नाम फाइनल करके केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति में कांग्रेस राष्ट्रीयाध्यक्षा सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी पृथ्वीराज चौहान व महासचिव अहमद पटेल के अलावा दो-तीन वरिष्ठ नेता है। यह चुनाव कमेटी स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा फाइनल किए गए प्रत्याशी पर अपनी मूहर लगाकर उसका नाम घोषित कर देगी। बहरहाल, प्रदेश की जनता की निगाहें स्क्रीनिंग कमेटी पर टिकी हुई है कि कब वह अंतिम नाम फाइनल करके केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजती है।

No comments:

Post a Comment

कुल दस्तक

hit counter