फतेहाबाद। विधानसभा चुनावों की तिथि की घोषणा के लिए लगाई जा रही अटकलें आज समाप्त हो गई हैं। हरियाणा, महराष्ट्र व अरूणाचल प्रदेश में नए परिसीमन के लागू होने के बाद पहली बार चुनाव 13 अक्तूबर को एक साथ होंगे। दिल्ली में आयोजित प्रैस कांफ्रेस में घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने बताया कि इसके साथ ही तीनों राज्यों में आज से ही आचार संहिता लागू हो गई है। इन चुनावों के लिए 18 सितम्बर से नामांकन शुरू हो जाएंगे और 25 सितम्बर तक नामाकंन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 29 सितम्बर तक नामांकन वापिस लिए जा सकेंगे। चुनावों का परिणाम 22 अक्टूबर को घोषित कर दिया जााएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि ये चुनाव लोकसभा की तरह ईवीएम मशीन से ही होंगे। प्रत्येक बूथ के साथ-साथ नोमीनेशन के समय भी विडियोग्राफी व फोटोग्राफी करवाई जाएगी। हरियाणा में 12844 मतदान केंद्र, अरूणाचल प्रदेश में 2061 मतदान केंद्र व महाराष्ट्र में 82028 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। प्रदेश में एक करोड़ 20 लाख 63 हजार मतदाता 90 विधायकों का फैसला करेंगे। प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने भारी सफलता हासिल की थी। 90 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के खाते में 67 सीटें आई थी, जबकि इनेलो को केवल 7 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा भाजपा व बसपा को भी मात्र एक-एक सीट से ही गुजारा करना पड़ा था। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पृथ्वीराज चौहान का कहना है कि पिछली बार भी 13 अक्तूबर को ही चुनाव हुए थे।
No comments:
Post a Comment